बाजपुर के ग्राम चकरपुर में रेलवे अंडर पास का कार्य शुरू नहीं कराए जाने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा भुल्लर के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे का पुतला फूंका। इस दौरान लोगों ने कैबिनेट मंत्री पर विकास के नाम पर धोखा करने का आरोप लगाया है। बता दें कि शनिवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्र भुल्लर बाजपुर के ग्राम चकरपुर पहुंचे। जहां सुमित्र भुल्लर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे द्वारा रेलवे अंडरपास का कार्य शुरू नहीं कराए जाने के विरोध में कैबिनेट मंत्री के पुतले के साथ जुलूस निकाला और मुख्य चौराहे पर पुतला आग के हवाले किया। इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्र भुल्लर ने कहा कि गांव की आबादी को नगर से जोड़ने वाले अंडर पास का कार्य कई वर्षों से शुरू नहीं हो पाया है जबकि कैबिनेट मंत्री कई बार अंडरपास के निर्माण का कार्य जल्द शुरू करने की बात कर चुके हैं जिससे प्रतीत होता है कि कैबिनेट मंत्री क्षेत्र की जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा।