PAHAAD NEWS TEAM

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक बंशीधर भगत ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की। उन्होंने राज्य के आपदाग्रस्त गांवों के विस्थापन के लिए एक अलग योजना बनाने का आग्रह किया। भगत के अनुसार, केंद्रीय राज्य मंत्री ठाकुर ने उत्तराखंड को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

मुलाकात के दौरान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भगत ने केंद्रीय राज्य मंत्री ठाकुर को चमोली जिले की आपदा में जान-माल के नुकसान की जानकारी दी। साथ ही, आपदा के बाद राज्य को दिए गए समर्थन के लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्र में बचाव और राहत अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है। उन्होंने बताया कि भाजपा संगठन की ओर से टीमों का गठन करके प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर आपदा प्रभावितों को मदद देने का भी प्रयास किया जा रहा है।

भगत ने राज्य के आपदाग्रस्त गांवों के विस्थापन के लिए एक अलग योजना बनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य में कई ऐसे क्षेत्र हैं जो आपदा के प्रति संवेदनशील हैं। इन के लिए भी, एक प्रभावी कार्य योजना के कार्यान्वयन के मद्देनजर केंद्र सरकार का पूरा सहयोग आवश्यक है।

भगत के मुताबिक, केंद्रीय राज्य मंत्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में आई आपदा को लेकर गंभीर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह खुद आपदा राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। भगत के साथ, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल भी उपस्थित थे।