देहरादून, पहाड़ न्यूज टीम
देशभर में केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर लगातार विरोध हो रहा है. वहीं, कई राज्यों में इन प्रदर्शनों को हिंसक भी देखा गया है। फिलहाल बिहार में प्रदर्शनकारियों और छात्र संगठनों के बिहार बंद बुलाए जाने के बाद आज भारत बंद बुलाया गया है. इसको लेकर देश के सभी राज्यों में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.
देशभर में अग्निपथ योजना का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है. हजारों की संख्या में युवा कई राज्यों में इस योजना का विरोध करते नजर आ रहे हैं। अग्निपथ योजना को लेकर रविवार को तीनों सेनाओं की ओर से संयुक्त प्रेस वार्ता की गई। जिसमें अग्निपथ योजना के लाभ के बारे में बताया गया। तो वहीं अब प्रदर्शनकारी युवाओं ने सोमवार को भारत बंद का ऐलान किया है.
भारत बंद की घोषणा के मद्देनजर आरपीएफ और जीआरपी हाई अलर्ट पर हैं। इसलिए आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिंसा करने वाले प्रदर्शनकारियों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए हैं. आदेश में साफ तौर पर कहा गया है कि हिंसा करने वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी. भारत बंद की घोषणा के बाद आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों ने कहा है कि हर कोने पर पैनी नजर रखी जाएगी. अगर कोई प्रदर्शनकारी हिंसा में शामिल होता है तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। भारत बंद के दौरान हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी. साथ ही मोबाइल, कैमरा, सीसीटीवी के जरिए हिंसा करने वालों के खिलाफ डिजिटल साक्ष्य जुटाने के आदेश दिए गए हैं.
भारत बंद के चलते पंजाब पुलिस अलर्ट: सेना भर्ती के लिए शुरू की गई नई अग्निपथ योजना के खिलाफ सोमवार को संभावित भारत बंद के मद्देनजर पंजाब पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही पंजाब के सभी प्रमुख सैन्य कोचिंग संस्थानों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
हरियाणा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम: हरियाणा में सेना की अग्निपथ योजना के विरोध के बीच भारत बंद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. जिसके तहत फरीदाबाद पुलिस ने कानून व्यवस्था की दृष्टि से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के लिए आज फरीदाबाद में 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.

