नई दिल्ली, PAHAAD NEWS TEAM

यूक्रेन संकट को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक की . सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरेन रिजिजू और पूर्व थलसेना अध्यक्ष वीके सिंह यूक्रेन के पड़ोसी देशों का दौरा करेंगे ताकि वहां फंसे छात्रों के बचाव कार्य में मदद की जा सके .

आपको बता दें, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज पांचवां दिन है. यूक्रेन की राजधानी कीव और खार्किव शहर पर रूसी सेना का हमला जारी है. वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूस ने उनकी हत्या के लिए 400 से ज्यादा भाड़े के हत्यारों को कीव भेजा है। इधर मोदी सरकार ने यूक्रेन से भारतीयों को निकालने का नया प्लान बनाया है. इसमें चार मंत्रियों को यूक्रेन के पड़ोसी देशों में भेजा जाएगा।

इससे पहले यूक्रेन से 249 भारतीयों को लेकर पांचवीं फ्लाइट दिल्ली पहुंच चुकी है। इस फ्लाइट ने रविवार रात रोमानिया से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। विदेश मंत्री ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। फ्लाइट जब दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची तो अपनों से मिलकर परिवार वाले भावुक हो गए। उन्होंने अपने प्रियजनों का फूल और गुलदस्ते से स्वागत किया।

दुनिया के सबसे बड़े विमान को कीव के पास एक हवाई क्षेत्र में रूसी सैनिकों ने नष्ट कर दिया। यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने रविवार को इस संबंध में जानकारी दी। दरअसल यूक्रेन में ‘ड्रीम’ कहे जाने वाले AN-225 ‘मरिया’ को यूक्रेन की एयरोनॉटिक्स कंपनी एंटोनोव ने बनाया था और इसे दुनिया के सबसे बड़े कार्गो विमानके रूप में गिना जाता था. विमान कथित तौर पर रूसी गोलाबारी के कारण कीव के बाहर होस्टोमेल हवाई अड्डे पर जला दिया गया ।