कुल्लू , पहाड़ न्यूज टीम
मणिकर्ण घाटी के चोज गांव में बुधवार सुबह बादल फट गया . वहीं नाले में बादल फटने से कुछ घर भी इसकी चपेट में आ गए हैं. इसके अलावा गांव की ओर जाने वाला पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने कुल्लू प्रशासन को दे दी है. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई है।
घरों को नुकसान : मिली जानकारी के अनुसार कुल्लू में रात से ही बारिश हो रही थी. ऐसे में आज सुबह चोज नाले में बादल फट गया . बादल फटने से नाले में पानी की रफ्तार तेज होने से घरों को नुकसान पहुंचा है. वहीं, अब तक 4 लोग लापता बताए जा रहे हैं। गांव की ओर जाने वाला इकलौता पुल भी इसकी चपेट में आ गया, जिससे प्रशासन को बचाव में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
नदियों और नालों के किनारे न जाने की अपील : एसपी गुरदेव शर्मा ने बताया कि नाले में बादल फटने की सूचना है. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। उन्होंने लोगों से बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए नदियों और नालों के किनारे जाने से बचने की अपील की है. बता दें कि हिमाचल में मानसून के शुरू होते ही नुकसान का दौर भी शुरू हो गया है। भारी बारिश के कारण जगह-जगह बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने जैसी दुर्घटनाएं हो रही हैं।

