श्रीनगर : मलेथा में वीर माधोसिंह भंडारी राजकीय मेला का रंगारंग शुभारंभ हुआ. मेले का उद्घाटन देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने किया। इस दौरान उन्होंने माधोसिंह भंडारी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। ग्रामीणों ने मिलकर ढोल दमाऊं की थाप पर जमकर डांस किया। विधायक कंडारी ने मलेथा रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर माधोसिंह भंडारी स्टेशन करने की भी बात कही।
बता दें कि पांच दिवसीय माधोसिंह भंडारी मेले का समापन सात जनवरी को होगा। मेले के पहले दिन स्कूली छात्र-छात्राओं ने मार्च पास व सुंदर बैनर निकाले। इस दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने गढ़वाली गीतों पर डांस कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह मेला वीर माधो सिंह भंडारी की याद में मनाया जाता है।
कहा जाता है कि गांव में गुल के जरिए पानी पहुंचाने के लिए माधो सिंह भंडारी ने करीब 400 साल पहले अपने इकलौते बेटे की बलि दी थी। तब से मलेथा और आसपास के लोग उनकी याद में मेलों का आयोजन करते हैं। कोरोना काल में राज्य सरकार ने इस मेले को राजकीय मेला घोषित किया था।

वहीं, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि कोरोना काल में माधोसिंह भंडारी सांस्कृतिक मेला भव्य रूप से नहीं मनाया जा सका, लेकिन इस वर्ष राज्य सरकार के सहयोग से मेले को भव्य रूप दिया गया है. उन्होंने कहा कि ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के मलेथा रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर माधोसिंह भंडारी रेलवे स्टेशन कर दिया गया है।
इस स्टेशन पर माधोसिंह भंडारी की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही माधोसिंह भंडारी द्वारा इस स्टेशन पर किए गए कार्यों को भी रिकॉर्ड किया जाएगा। आने वाले वर्षों में मेले में देश व प्रदेश की विशिष्ट हस्तियों को आमंत्रित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि इस मेले को पूरे देश में पहचान मिल सके।

