हरिद्वार कुम्भ के दौरान कोविड जांच में धोखाधड़ी करने के आरोपी मैक्स कॉरपोरेट सर्विसेज ने पुलिस एफ.आई.आर की वैधता को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। अधिवक्ता डॉ कार्तिकेय हरि गुप्ता ने बताया कि जल्द ही मामले में सुनवाई होगी। मैक्स कॉरपोरेट सर्विसेज के खिलाफ मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हरिद्वार ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोप लगाया कि कुंभ मेले के दौरान उक्त संस्था ने एंटीजन टेस्ट परीक्षण में धोखाधड़ी की है। मैक्स कॉरपोरेट सर्विसेज के वकील डॉ. कार्तिकेय हरि गुप्ता ने बताया कि मैक्स कॉरपोरेट सर्विसेज ने कुंभ मेले के दौरान रैपिड-एंटीजन परीक्षण आयोजित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त नालवा लेबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड और डॉ लाल चंदानी लैब्स लिमिटेड से समझौता किया, जो आई सी एम आर से मान्यता प्राप्त हैं। मान्यता प्राप्त लैब्स और मैक्स कॉर्पोरेट सर्विसेज केवल एक सेवा प्रदाता हैं। यदि कोई नकली परीक्षण किया गया है, तो मैक्स कॉरपोरेट सर्विसेज की कोई भूमिका नहीं है और वह जांच में सहयोग करने को तैयार हैं और पुलिस को संस्था के खिलाफ कार्यवाही से रोका जाये। शासनादेश के अनुसार, संस्था ने इन दो प्रयोगशालाओं के माध्यम से परीक्षण की सुविधा प्रदान की। सभी नमूना संग्रह और अन्य डेटा प्रविष्टियां सरकारी स्वास्थ्य अधिकारियों के ज्ञान और पर्यवेक्षण के साथ अच्छी तरह से की गई थीं। यह याचिका आज दायर हुई है।