देहरादून : उत्तराखंड में वाटर और एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए 33वीं कैनो स्प्रिंट राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 22 से 25 अगस्त तक आयोजित की जाएगी. यह प्रतियोगिता ऊधमसिंह नगर जिले के गूलरभोज, बौर जलाशय में आयोजित की जाएगी। वरिष्ठ महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में देश भर से प्रतिभागी भाग लेंगे।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) के सहयोग से आयोजित इस चैंपियनशिप में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए कैनो स्प्रिंट के1, के2, के4, सी1, सी2, सी4 की 200 मीटर, 500 मीटर, 1000 मीटर और 5000 मीटर एवं महिला एवं पुरुष मिक्स्ड के2, सी2 में 500 मीटर, मास्टर महिला एवं पुरुष मिक्स में के1, सी1 में 200 मीटर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा । इस दौरान कैनो-पोलो और स्टैंडअप पैडल बोर्डिंग गेम्स भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस प्रतियोगिता से जहां राज्य में वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलेगा वहीं यह चैंपियनशिप पर्यटन विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी. सचिन कुर्वे ने कहा कि यूटीडीबी राज्य में साहसिक खेल प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिबद्ध है।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एडवेंचर विंग) कर्नल अश्विनी पुंडीर ने कहा कि इस चैंपियनशिप में लगभग 500 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इसमें से चयनित प्रतिभागी गुजरात में होने वाली राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। कर्नल पुंडीर ने कहा कि पर्यटन विभाग समय-समय पर इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर साहसिक खेलों को बढ़ावा देता रहा है। इससे जहां राज्य में पर्यटन के विकास में मदद मिलती है, वहीं राज्य के बाहर के प्रतियोगी भी यहां आते हैं और पर्यटन का आनंद लेते हैं।