देहरादून : केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और राज्य में फिल्म निर्माण, गीत संगीत, नाट्य संस्कृति और साहित्य की विभिन्न शैलियों को बढ़ावा देने से संबंधित विषयों पर चर्चा की.
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ संस्कृति, साहित्य और कला की भूमि बताते हुए राज्य में इन विषयों के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्म सिटी खोलने के विचार को भी आगे ले जाने की जरूरत है.
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में साहित्य और ललित कला केंद्रों की संभावनाओं पर ध्यान देने को कहा है ताकि राज्य के युवाओं को फिल्मों के साथ-साथ साहित्य और लोक संस्कृति और लोक कला की विभिन्न विधाओं से जुड़ने का अवसर मिल सके.

मुख्यमंत्री धामी ने निर्माणाधीन सांस्कृतिक केंद्र और संग्रहालय को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने और इसके प्रभावी उपयोग की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, निदेशक संस्कृति बीना भट्ट, उप निदेशक नितिन उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

