देहरादून : शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा बीती शाम अपने शहरी विकास विभाग में 74 कर्मियों के बंपर तबादले पर मुख्यमंत्री कार्यालय से तत्काल रोक लगा दी गयी है. सीएम धामी ने तबादलों पर रोक लगाते हुए नाराजगी जताई है.
उत्तराखंड विधानसभा बैकडोर भर्ती को लेकर विवादों में घिरे शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने एक और नया विवाद खड़ा कर दिया है। मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल अपने शहरी विकास विभाग में 74 कर्मचारियों के बंपर ट्रांसफर कर सुबह तड़के जर्मनी के लिए रवाना हो गए हैं. लेकिन इन बंपर तबादलों पर विवाद शुरू होने से पहले ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर तत्काल रोक लगा दी है.

ज्ञात हो कि 17 सितंबर की देर रात शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के नगरीय विकास विभाग में 74 लोगों के तबादले की सूची तैयार की गयी थी. नगरीय विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल सुबह होते ही तबादलों की इस सूची को मंजूरी देकर जर्मनी के लिए रवाना हो गए. लेकिन मंत्री अग्रवाल के जर्मनी जाने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस फैसले को पलट दिया और इन तबादलों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया.
आपको बता दें कि इस समय उत्तराखंड में विधानसभा भर्ती घोटाला सुर्खियों में है और इस घोटाले के सामने आने के बाद सरकार कहीं न कहीं बैकफुट पर है. वहीं इस घोटाले के केंद्र बिंदु के तौर पर प्रेमचंद अग्रवाल विपक्ष के निशाने पर हैं.

