देहरादून , पहाड़ न्यूज टीम
जिलाधिकारी सोनिका ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक बैन को लेकर जिला प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है जिसके लिए समस्त वार्डवार अधिकारी तैनात किए गए हैं। वार्डवार अधिकारी सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर जागरूकता के साथ-साथ निगरानी भी रखेंगे।
जनपद में प्रतिबन्धित सिंगल यूज प्लास्टिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम स्थित हाॅल में महापौर नगर निगम सुनील उनियाल गामा की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी सोनिका एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर की उपस्थिति में किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिबन्धित किये जाने वाले प्लास्टिक एवं प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभाव की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर महापौर नगर निगम देहरादून सुनील उनियाल गामा ने देहरादून वासियों से किसी भी प्रकार के प्लास्टिक का उपयोग न करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि हम सभी को मानवता दिखाते हुए सभी के स्वास्थ्य के बारे में सोचना होगा। प्लास्टिक का उपयोग न करने का संकल्प लेते हुए दृढ़ इच्छा शक्ति से इसको जीवनचर्या से बाहर निकालना होगा। उन्होंने कहा कि हमें जनपद देहरादून से पूरे देश में यह संदेश देना है कि हमने सभी प्रकार के प्लास्टिक का उपयोग बंद कर दिया है इसके लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है।
जिलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक बैन को लेकर जिला प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है जिसके लिए समस्त वार्डवार अधिकारी तैनात किए गए हैं। वार्डवार अधिकारी सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर जागरूकता के साथ-साथ निगरानी भी रखेंगे।
उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से आर. के चतुर्वेदी द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के लिए एक प्रेजेंटेशन दिया गया, जिसमें प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक की सूची और उपयोग और उपयोग के लिए दंड प्रक्रिया का विवरण देते हुए बताया कि प्लास्टिक के निर्माता पर 5 लाख रुपये, परिवहन करने वालों पर रू0 2लाख, खुद्रा विक्रेता पर रू0 1 लाख तथा इस्तेमाल करने वाले पर 100 रू0 का जुर्माना तथा पुनरावृत्ति करने पर जुर्माने की राशि का दोगुना जुर्माना लगाने का प्रावधान है.
साथ ही लोक शिकायत एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर उस पर प्लास्टिक यूजर्स के फोटो अपलोड किए जा सकते हैं, जो सीधे संबंधित अधिकारी तक पहुंचेंगे। इस दौरान बैठक में मौजूद व्यापारी संघ की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
जिलाधिकारी देहरादून श्रीमती सोनिका, मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून मनुज गोयल, अपर जिलाधिकारी देहरादून वित्त एवम राजस्व कृष्ण कुमार मिश्रा, व्यापारी संघ, ठेला संघ, होटल संघ, एनजीओ सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे.

