देहरादून : ड्यूटी पर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई चल रही है. इसी कड़ी में एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने औचक निरीक्षण किया था . इस दौरान 9 पुलिसकर्मी ड्यूटी से गायब मिले थे । जिस पर एसएसपी ने सभी को लाइन हाजिर कर दिया है. साथ ही संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं.

देहरादून के एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने पहले सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया था कि वे ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की ढिलाई न बरतें. साथ ही रात के समय बेवजह घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की नियमित चैकिंग करने को कहा. इसके बावजूद कई पुलिसकर्मी और अधिकारी नहीं माने।

इसी कड़ी में एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर पुलिसकर्मी किस प्रकार से ड्यूटी निभा रहे हैं, इसका निरीक्षण करने निकले. उन्होंने देहरादून के विभिन्न स्थानों पर तैनात रात्रि ड्यूटी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई जगह पुलिसकर्मी ड्यूटी से गायब पाए गए। जिस पर उनका पारा चढ़ गया और तत्काल प्रभाव से अनुपस्थित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं.

पुलिसकर्मी हुए लाइन हाजिरःएसएसपी  दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा. उनकी निगरानी में 9 पुलिसकर्मी ड्यूटी में लापरवाही बरत रहे हैं. जिसमें उपनिरीक्षक महावीर सिंह थाना डालनवाला, हेड कांस्टेबल अनोज राणा कोतवाली नगर, हेड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद थाना वसंत विहार, हेड कांस्टेबल राकेश सेमवाल थाना पटेलनगर, हेड कांस्टेबल शोभा गौड़ थाना कैंट, कांस्टेबल योगेश भट्ट थाना बसंत बिहार, कांस्टेबल सुरेंद्र खंतवाल थाना डालनवाला, कॉन्स्टेबल आजाद सिंह थाना पटेल नगर और कांस्टेबल योगेश सैनी थाना कैंट को लाइन  हाजिर किया गया है।