देहरादून: बीती देर रात शहर की यातायात व्यवस्था का औचक निरीक्षण एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने किया. निरीक्षण के दौरान एसएसपी (देहरादून एसएसपी निरीक्षण) ने सभी चौकों पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

घंटाघर, दिलाराम चौक, सर्वे चौक आदि का औचक निरीक्षण कर एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने यातायात व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान एसएसपी द्वारा संबंधित थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी को यातायात व्यवस्था के बेहतर संचालन के लिए सख्त दिशा निर्देश दिये गये । साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया कि यातायात व्यवस्था में सुधार को उनकी प्राथमिकता में शामिल किया जाए, जिसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने वाले थाने के प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
एसएसपी ने कहा कि सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में बाहर जाकर यातायात व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही संबंधित थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी सहित यातायात पुलिस को सड़क किनारे खड़े वाहनों व रेहड़ी-पटरी वालों को हटाने के साथ ही यातायात व्यवस्था को बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
आपको बता दें कि राजधानी देहरादून में अधिकारियों के तमाम दावों के बावजूद शहर को जाम से निजात नहीं मिल रही है. शहर के सभी मुख्य मार्गों पर आए दिन वाहन चालक जाम से जूझते नजर आते हैं। बढ़ते ट्रैफिक ने न सिर्फ वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है, बल्कि कई जगहों पर आम लोगों को रोज जाम से दो चार होना पड़ता है.

