देहरादून: सोशल मीडिया और फोन पर आवाज बदलकर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री और ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के नाम से पैसे मांगने का मामला सामने आया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.


फीस जमा कराने के नाम पर पैसे की मांग : पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह करीब 8 बजे ऋषिकेश स्थित 14 बीघा निवासी संदीप परमार के पास 7894xxxx55 के अज्ञात फोन नंबर से फोन आया. सामने वाला खुद को कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का पीएसओ जसराज बताता है और फिर प्रेमचंद अग्रवाल की नकली आवाज में संदीप परमार से पैसे की मांग करता है. इतना ही नहीं फर्जी पीएसओ संदीप परमार को ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के रूप में 21,863 रुपये की फीस जमा करने के नाम पर उनके व्हाट्सएप नंबर पर लगातार मैसेज भेजकर परेशान करते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र नेगी ने ऋषिकेश थाने में आवेदन देकर इस फर्जीवाड़े के संबंध में कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के फर्जीवाड़े से लोग बच सकें .

