देहरादून: राजधानी में इन दिनों डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है. हर रोज मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो रही है। जिससे स्वास्थ्य विभाग की टेंशन बढ़ गई है। वहीं, देहरादून में अब तक 450 लोगो में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है । डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग जन जागरूकता अभियान चला रहा है।
देहरादून में डेंगू तेजी से फैल रहा है। जिला वेक्टर रोग
जनित नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी ने कहा कि डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीम डेंगू के लार्वा सर्वे और सोर्स रिडक्शन का काम कर रही है। साथ ही मच्छरों को मारने के लिए कीटनाशकों का छिड़काव और फॉगिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।

सुभाष जोशी ने बताया कि डेंगू के सभी मरीजों की हालत सामान्य बनी हुई है. नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज उप्रेती ने कहा कि डेंगू का प्रकोप और बढ़ने वाला है. ऐसे में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना होगा। लोगों को अपने घर के आसपास साफ-सफाई का ध्यान रखना होगा।
उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर के आसपास डेंगू के मामलों में कमी आ सकती है. बता दें कि इस साल देहरादून के राजीव नगर और ऋषिकेश डेंगू के हॉटस्पॉट बन रहे हैं. ऐसे में लोगों को इस मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत है। क्योंकि अगर अचानक से तेज सिरदर्द और बुखार के साथ-साथ मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द हो तो यह डेंगू का लक्षण हो सकता है।
आपको बता दें कि डेंगू मादा एडीज एजिप्टाई मच्छर के काटने से होता है। डेंगू फैलाने वाला मच्छर आमतौर पर साफ पानी में पैदा होता है। ऐसे में इस बात का खास ख्याल रखें कि आपके घर में या आसपास पानी जमा न हो। बुखार को कम करने के लिए पेरासिटामोल ले सकते हैं।

