वैश्विक महामारी कोरोना की मार झेल रहे ट्रांसपोर्ट और होटल व्यवसाय से जुड़े दर्जनों संगठनों के पदाधिकारी मुख्यमंत्री आवास पर अपनी गुहार लगाने के लिए आज हरिद्वार से पैदल मार्च पर निकले और डोईवाला पहुंचे, जिसमें ऋषिकेश और हरिद्वार दोनों शहरों के ट्रांसपोर्ट और होटल व्यवसाई शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कोविड की लहर में होटल और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय 2 सालों में पूरी तरह चौपट हो गया है। डोईवाला पहुंचने पर उन्होंने बताया कि सरकार से राहत की उम्मीद लेकर निकले हैं, जिसमें सरकार हमारी मदद करे। होटल व्यवसायियों और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों का कहना है कि एक तो सरकार ट्रांसपोर्ट टैक्स माफ करे और दूसरे, वाहनों के बीमा को 1 साल बढ़ाया जाए। डीजल, पेट्रोल के दामों में कमी की जाए और चार धाम यात्रा शुरू कराये जिससे कि बेरोजगारों को रोजगार मिल सके और वे अपनी आजीविका फिर से सुचारू रूप से चला सकें।