देहरादून : सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) का 16वां जिला सम्मेलन गांधी रोड स्थित महात्मा खुशीराम लाइब्रेरी में आयोजित किया गया. इस मौके पर सीटू का झंडा फहराया गया। ध्वजारोहण जिलाध्यक्ष कृष्णा गुनियाल ने किया। साथ ही शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उसके बाद शोक प्रस्ताव पेश किया गया, जिसमें जनवादी समाजवादी आंदोलन के शहीद साथियों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही विभिन्न आपदाओं और आंदोलन में मारे गए लोगों के लिए 2 मिनट का मौन भी रखा गया।

सीटू के जिला सम्मेलन के दौरान नए कार्यकारी चुनाव में कृष्णा गुनियाल अध्यक्ष और लेखराज महासचिव चुने गए। इसके अलावा भगवंत पयाल, एसएस नेगी, चित्रकला को उपाध्यक्ष चुना गया. मामचंद, राम सिंह भंडारी, रजनी गुलेरिया, शिवा दुबे को संयुक्त सचिव चुना गया है. रवींद्र कोषाध्यक्ष चुने गए और सुरेंद्र सिंह बिष्ट कार्यालय सचिव चुने गए।

सीटू प्रांतीय महासचिव महेंद्र जखमोला ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। उन्होंने 29 प्रभावी श्रम कानूनों को समाप्त करने के केंद्र सरकार के निर्णय का विरोध किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकार जाति धर्म के नाम पर लोगों को बांट रही है. साथ ही मजदूरों को गुलामी की ओर धकेला जा रहा है। जिससे मजदूरों को उनकी गाढ़ी कमाई का पैसा भी नहीं मिल रहा है. सीटू अधिकारियों का कहना है कि मालिकों द्वारा श्रमिकों का शोषण किया जा रहा है। जिसके खिलाफ सीटू लड़ रहा है। भविष्य में भी सीटू इस श्रम संहिता के समाप्त होने तक संघर्ष करता रहेगा।