हल्द्वानी : रानीबाग स्थित एचएमटी फैक्ट्री की 45 एकड़ जमीन केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को देने का फैसला किया है. वहीं, विपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने भी इस फैसले का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को यह जमीन मिली है, यह अच्छी बात है, लेकिन अब देखना होगा कि राज्य सरकार इस जमीन का इस्तेमाल कैसे करती है.
यशपाल आर्य ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं और बेरोजगारों के लिए इस जमीन पर उद्योग स्थापित करे, ताकि उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े. क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने एचएमटी का निर्माण किया था। हमें उम्मीद है कि राज्य सरकार इसमें कुछ अच्छी पहल करेगी।
गौरतलब है कि एचएमटी फैक्ट्री को 2016 में बंद कर दिया गया था। उसके बाद से इस फैक्ट्री को लेकर आंदोलन चलता रहा। केंद्र सरकार द्वारा एचएमटी फैक्ट्री को बंद करने के निर्णय के बाद भी इसके खुलने की उम्मीद थी। अब इसे केंद्र सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय द्वारा राज्य सरकार को हस्तांतरित कर दिया गया है। उम्मीद है कि इसमें मिनी सिडकुल लगाया जाएगा।

