देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

जानकारों की मानें तो भारत में इस समय कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के साथ ही कोरोना की तीसरी लहर चल रही है। हर दिन नए मामले सामने आ रहे हैं, इस दौरान रोजाना रिकवरी भी हो रही है। इस बीच, विशेषज्ञों ने बताया है कि कोरोना की स्थिति के ताजा विश्लेषण से पता चलता है कि भारत में तीसरी लहर का चरम 23 जनवरी के आसपास पहुंच जाएगा, लेकिन दैनिक मामलों के चार लाख को पार करने की संभावना नहीं है. जनवरी के दूसरे हफ्ते में ही दिल्ली, मुंबई अपने पीक पर पहुंच चुके है.

दरअसल, कोरोना महामारी की शुरुआत से ही इसके आंकड़े और संख्या पर काम कर रहे कोरोना ट्रैकर के सूत्र मॉडल’ के शोधकर्ताओं में से एक आईआईटी प्रोफेसर मनिंद्र अग्रवाल ने ताजा अध्ययन के नतीजे जारी किए हैं. यह अनुमान लगाया गया है कि तीसरी लहर के दौरान प्रतिदिन चार लाख से अधिक मामले सामने आने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने बताया कि पूरे देश में कोरोना की दिशा बदल गई है. इसके दो कारण भी बताए गए हैं।

धीमा ओमिक्रोम

अग्रवाल के अनुसार, एक, कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोगों में ओमिक्रोम का प्रसार धीमा हो गया है और दूसरा इसकी चपेट में आने वाला संभावित आबादी समूह में यह फैल चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि पीक वह चरण है जिस दिन किसी शहर, राज्य या देश में सर्वाधिक कोरोना संक्रमित पाए जाते हैं और उसके बाद रोजाना नए मामलों की संख्या कम होने लगती है।

प्रतिदिन नए मामलों की संख्या कम

इसी तरह तीसरी लहर के पीक के बारे में राज्यवार आंकड़े देते हुए उन्होंने कहा कि मुंबई 12 जनवरी को अपने पीक पर पहुंच गई थी और अब यह संख्या तेजी से घट रही है. 16 जनवरी को दिल्ली और 13 जनवरी को कोलकाता अपने पीक पर था। 22 जनवरी को बेंगलुरु अपने पीक पर पहुंच जाएगा। इसके अलावा, महाराष्ट्र, गुजरात और यूपी के 19 जनवरी को, असम के 26 जनवरी को पीक पर पहुंचने का अनुमान है।

प्रोफेसर अग्रवाल ने कहा कि इस बार अस्पताल में भर्ती होने के मामले कम हैं. मैं समझता हूं कि उत्तर प्रदेश में, एक प्रतिशत से भी कम मामलों में अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता होती है। मौजूदा समय में देश में मंगलवार को 2.38 लाख मामले दर्ज किए गए, जो कुछ दिन पहले 2.6 लाख के उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद लगातार कम हो रहे हैं.