उत्तरकाशी : डबरानी में गंगोत्री हाईवे पर जोरदार भूस्खलन से यातायात ठप हो गया है. यहां गुरुवार सुबह अचानक हाईवे पर एक चट्टान गिर गयी । हाईवे पर पत्थर गिरने से हाईवे पर दरारें भी नजर आई हैं। सूचना मिलने पर बीआरओ की टीम ने मशीनरी से हाईवे को खोलने का काम शुरू कर दिया है।
गंगोत्री हाईवे पर डबरानी में गुरुवार सुबह करीब आठ बजे अचानक चट्टान का बड़ा हिस्सा हाईवे पर गिर गया। गनीमत यह रही कि कोई भी उसके रास्ते में नहीं आया, नहीं तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। इसके साथ ही पत्थर टूटने से हाईवे पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया है।
सूचना मिलते ही बीआरओ ने अपनी तीन मशीनों के साथ करीब 10 मजदूरों की टीम मौके पर भेजी। जिन्होंने हाईवे पर आवाजाही बहाल करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि करीब तीन घंटे के बाद छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल हो सकी. दोपहर तक सभी तरह के वाहनों का आवागमन बहाल करने का प्रयास किया गया है।

