नई दिल्ली , PAHAAD NEWS TEAM

देश आज महात्मा गांधी की 152वीं जयंती मना रहा है. इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजधाट जाकर बापू को श्रद्धांजलि दी.

वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया भी इस मौके पर राजधाट पहुंचे और गांधी जी को श्रद्धांजलि दी.

बता दें, महात्मा गांधी की 152वीं जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तथा उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू ने देशवासियों को संबोधित किया था . उन्होंने गांधी जयंती की बधाई देने के साथ ही गांधीजी के दर्शन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया.

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर गुजरात में जल जीवन मिशन के लाभार्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करेंगे.

केंद्र सरकार के जल जीवन मिशन का लक्ष्य 2024 तक ग्रामीण भारत के सभी घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है। मोदी दिन में लगभग 11 बजे बनासकांठा जिले के पालनपुर तालुका के पिंपली गांव के लाभार्थियों से बात करेंगे। प्रधानमंत्री कुछ अन्य राज्यों के लाभार्थियों से भी बातचीत करेंगे।

गांधी जयंती के अवसर पर गुजरात की 14,250 ग्राम पंचायतों में से प्रत्येक में सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच ‘ग्राम सभा’ का आयोजन किया जाएगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन सभी ग्राम सभाओं में पिंपली के निवासियों के साथ प्रधानमंत्री की बातचीत का सीधा प्रसारण किया जाएगा।