मसूरी : शहर की विभिन्न सड़कों का निरीक्षण जिलाधिकारी सोनिका सिंह ने किया. इस दौरान सड़कों की बदहाली देख उनका पारा चढ़ गया. इसके बाद उपजिलाधिकारी कार्यालय में हुई बैठक में उन्होंने शहर की सड़कों की बदहाली को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और निर्धारित समय के भीतर सड़कों में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी. बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, एसडीएम नरेश दुर्गापाल, लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम, एमडीडीए, एनएच, जल संस्थान और बिजली आदि सहित नगर पालिका के अधिकारी मौजूद रहे.

बैठक में जिलाधिकारी सोनिका सिंह ने कहा कि मसूरी की सड़कों की बदहाली के लिए अधिकारी जिम्मेदार हैं. उन्होंने डिप्टी कलेक्टर को इसके लिए जिम्मेदार विभागों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है. उन्होंने लोक निर्माण विभाग और एनएच के अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता के साथ माल रोड और मसूरी की सभी सड़कों की समय पर मरम्मत करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही नगर पालिका के कार्यपालक अधिकारी को भी निर्देश दिया गया है कि शहर के सभी नालों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जाए.

सभी अधिकारियों को 3 दिन के अंदर काम में तेजी लाने को कहा गया है, ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है. साथ ही उन्होंने अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ भी ठोस कार्रवाई की जाए. उन्होंने डिप्टी कलेक्टर को पेयजल निगम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने एमडीडीए के अधिकारियों को मसूरी में हो रहे अवैध निर्माणों पर तत्काल कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए.

इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, महामंत्री कुशाल राणा, संदीप साहनी, कोतवाल दिगपाल सिंह कोहली, एमडीडीए के अधिशासी अधिकारी अतुल गुप्ता, लोनिवि के सहायक अभियंता राजपाल सिंह, पुष्पेद्र कुमार, जलनिगम के सहायक अभियंता मान सिंह रावत,जल संस्थान के सहायक अभियंता टीएस रावत, एनएच के सहायक अभियंता सुरेंद्र सिंह, एसडीओ विद्युत पंकज थपलियाल, खुशवंत शर्मा, सतीश ढौडियाल, सभासद गीता कुमाई, अरविंद सेमवाल समेत अधिकारी मौजूद रहे.