मसूरी : सोमवार से एक हफ्ते के ट्रायल के बाद मसूरी के जॉर्ज एवरेस्ट से हिमालय दर्शन सेवा का औपचारिक उद्घाटन हो गया है। इस सेवा का उद्घाटन करते हुए राज्य के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस हेली सेवा से जहां पर्यटकों को हिमालय को करीब से देखने को मिलेगा. साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था में भी वृद्धि होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि जल्द ही महान सर्वेयर जॉर्ज एवरेस्ट की स्मृति में मसूरी में एक संग्रहालय तैयार किया जाएगा। इस संग्रहालय में भारतीय कार्टोग्राफी के अग्रदूत स्वर्गीय पंडित नैन सिंह रावत और राधानाथ सिकंदर की उनकी उपलब्धियों के साथ-साथ उनकी प्रतिमाएं भी रखी जाएंगी।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि जॉर्ज एवरेस्ट से हवाई खेलों से जुड़ी कई अन्य आकर्षक गतिविधियां भी शुरू की जा रही हैं. इसके लिए पर्यटन विभाग ने ट्रायल के लिए एक नामी कंपनी से अनुबंध भी किया है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन प्रेमियों के लिए आकर्षक फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया है. इसके तहत पांच अलग-अलग कैटेगरी में फोटो और वीडियो ऑनलाइन मंगाए जा रहे हैं।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रकृति पर्यटन प्रेमियों को 25 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार दिए जाएंगे। इस अवसर पर राजस एयरोस्पोर्ट्स के सीईओ मनीष सैनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, महामंत्री कुशाल राणा, मंडल उपाध्यक्ष अमित भट्ट, सभासद अरविंद सेमवाल, उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहनी, सभासद मदन मोहन शर्मा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी देहरादून जसपाल चौहान, सतीश चंद्र ढौंढियाल, बादल प्रकाश, अभिलाष, आशुतोष कोठारी, निशीथ सकलानी, सपना शर्मा, मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, अजय भार्गव आदि उपस्थित थे।

