मसूरी : मसूरी होमस्टे एसोसिएशन ने एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल के साथ बैठक की. जिसमें मसूरी और आसपास के क्षेत्र में होम स्टे योजना को बढ़ाने पर चर्चा हुई। इस मौके पर एसोसिएशन ने होम स्टे योजनाओं को और बेहतर बनाने के सुझाव दिए।
बैठक में मसूरी होमस्टे एसोसिएशन ने एसडीएम से होम स्टे की लाइसेंस अवधि बढ़ाकर 5 साल करने का आग्रह किया। एसोसिएशन ने कहा कि होटल लाइसेंस एक बार बनते हैं, लेकिन होमस्टे लाइसेंस हर साल नवीनीकृत होते हैं। जिससे होम स्टे संचालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पांच साल के लिए होमस्टे लाइसेंस बनवाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि होम स्टे योजना के तहत 6 कमरों की अनुमति है, जिसे बढ़ाकर 8 कमरे किया जाए। पंडित दीनदयाल होमस्टे योजना एक वित्त पोषित योजना है, जिसके तहत मेहनतकशों की आर्थिक मदद के साथ-साथ सस्ते ऋण भी उपलब्ध कराए जाने चाहिए। सप्ताह में दो दिन पर्यटन विभाग के कार्यालय मसूरी में भी पर्यटन अधिकारी की नियुक्ति की जाए, ताकि होमस्टे संचालकों की समस्याओं का समाधान किया जा सके।
मसूरी होमस्टे एसोसिएशन की अध्यक्ष देवी गोदियाल ने कहा कि स्थानीय लोगों को भी सरकार की ओर से होम स्टे योजना मिल रही है. साथ ही रोजगार भी मिल रहा है। पर्यटन विभाग मसूरी और आसपास के क्षेत्र में होमस्टे से जुड़े लोगों की समस्याओं को समय-समय पर दूर करने के लिए लगातार काम कर रहा है. इसी वजह से मसूरी और आसपास के इलाकों में होम स्टे योजना लगातार बढ़ती जा रही है. कुछ सुझाव उनके द्वारा एसडीएम मसूरी को दिए गए हैं। उन्हें विश्वास है कि एसडीएम मसूरी उनके सुझाव पर चर्चा करेंगे।
मसूरी के एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल ने कहा कि सरकार ने पहाड़ी इलाकों में लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध कराने के लिए होम स्टे योजना शुरू की थी. जिससे लोगों को लाभ मिल रहा है, लेकिन कुछ लोग होम स्टे योजना का गलत फायदा उठा रहे हैं। जिसे लेकर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. मसूरी होमस्टे एसोसिएशन ने कई सुझाव दिए हैं। जिसके बारे में जल्द ही शासन स्तर पर चर्चा की जाएगी।

