मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
महाशिव रात्रि पर्व के अवसर पर भगवान महादेव के शिवालयों में भोले शंकर के जयकारे के उद्घोष से गूंज उठे. मसूरी देहरादून रोड स्थित श्री प्रकाशेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोले शंकर का आशीर्वाद लिया और शिवलिंग पर दूध व जलाभिषेक किया. वहीं, शहर के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा।
पहाड़ों की रानी मसूरी में महाशिव रात्रि का पर्व श्रद्धा और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। इस मौके पर लोग सुबह स्नान कर पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। वहीं मंदिरों में भी शिव भक्तों ने भगवान शिव के लिंग पर दूध और जल चढ़ाया और भोले बाबा के दर्शन कर पुण्य का लाभ अर्जित किया। भक्तों ने श्री सनातन धर्म मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर और लंढौर शिव मंदिर आदि में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। इस मौके पर मसूरी देहरादून रोड स्थित शिव मंदिर को खूबसूरती से सजाया गया और श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद व ठंडाई का भी इंतजाम किया गया. इस मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और शिवालय भोले शंकर के रंग में रंगा नजर आया. इस मौके पर लखनऊ से आई भक्त निधि सोनकर ने बताया कि मैं सुबह से बाबा के दर्शन करने आई हूं और आज मुझे भोले शंकर के शिवलिंग पर दूध-पानी चढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है. भक्त सुमन पंवार ने बताया कि आज का दिन अत्यंत पवित्र है और सभी पर भगवान महादेव की कृपा बनाए रखने के लिए वे भोले शंकर के दरबार में आए हैं. इस अवसर पर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए पूरी व्यवस्था की गयी थी और यातायात संचालन के लिये पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था. वहीं भक्त घर में उपवास रखते हैं और दिन भर भगवान भोले की पूजा करते हैं और शाम को पूजा कर व्रत तोड़ते हैं और इस अवसर पर तैयार किए गए विशेष व्यंजनों का आनंद लेते हैं.

