मसूरी : उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 707 के तहत मसूरी टिहरी बाईपास भी भूस्खलन के कारण बंद कर दिया गया था। इस दौरान हाईवे पर भारी मलबा आने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. करीब तीन घंटे के बाद मलबा को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो गया।

मसूरी टिहरी बाईपास पर सोमवार देर शाम भूस्खलन हुआ है। इस दौरान पहाड़ी से कई पेड़ भी नीचे आ गए थे। रास्ते में फंसे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार भोपाल सिंह चौहान, एनएएचआई के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद हाईवे पर पड़े मलबे और पेड़ों को जेसीबी से हटाया गया.

करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद कर्मचारी सड़क को खोलने में कामयाब हुआ है। इसके बाद ही छोटे वाहनों के लिए रास्ता खोला गया। इस दौरान 108 सेवा भी मरीज के साथ घंटों जाम में फंसी रही। वहीं, भूस्खलन से पहाड़ी की चोटी पर बना मकान भी खतरे में आ गया था।

नायब तहसीलदार भोपाल सिंह चौहान ने घर में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है. भोपाल सिंह चौहान ने कहा कि लगातार बारिश के कारण मसूरी के कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है. वहीं देर शाम मसूरी टिहरी बाईपास पर भूस्खलन के बाद सड़क को बंद कर दिया गया था. जेसीबी के जरिए रास्ते में लगे मलबे और पेड़ों को हटाकर छोटे वाहनों के लिए रास्ता खोल दिया गया है.