मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

मसूरी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी गोदावरी थापली ने चुनाव हारकर मसूरी आकर मतदाताओं व कार्यकर्ताओं को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया, वहीं मसूरी विधानसभा से जीतने वाले भाजपा प्रत्याशी गणेश जोशी को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह जनहित के लिए काम करेंगे व नफरत भावना से कार्य नहीं करेंगे।

कांग्रेस प्रत्याशी गोदावरी थापली ने कांग्रेस भवन में आयोजित बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी मेहनत से काम किया है, हार में जीत है, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से काम करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें अपना मनोबल कम नहीं करना चाहिए. वहीं मसूरी के मतदाता जिन्होंने कांग्रेस की नीतियों पर विश्वास करते हुए अपना बहुमूल्य वोट दिया, उनका विशेष आभार है. चुनाव जीतने वाले भाजपा प्रत्याशी गणेश जोशी को बधाई देते हुए उन्होंने आशा व्यक्त की कि वह जनहित के लिए काम करेंगे और लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार उन्हें पूरी उम्मीद थी, लेकिन कहीं कमी थी, या तो कांग्रेस के काम और एजेंडे के बारे में जनता को बताने में देरी हुई या वे समझ नहीं पाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पिछले चुनाव और इस चुनाव में समान वोट मिले थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व इस पर मंथन करेगा क्योंकि हरीश रावत जैसे दिग्गज चुनाव हार गए, उन्होंने लोगों के फैसले का पूरा सम्मान किया और वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे और काम करते रहेंगे.

इस मौके पर समाजसेवी उपेंद्र थापली ने भी मसूरी के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वह जनता की सेवा करते रहेंगे. इस मौके पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष व कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री मनमोहन सिंह मल्ल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, मेघ सिंह कंडारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर, केदार चौहान, अमित गुप्ता, राजीव अग्रवाल, नागेद्र उनियाल सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे ।