मसूरी : लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ विभिन्न सड़कों का निरीक्षण एसडीएम मसूरी शैलेंद्र सिंह नेगी ने किया. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि जल्द ही सड़कों की स्थिति में सुधार किया जा सके. साथ ही लापरवाह अधिकारियों को जमकर फटकार भी लगाई।
दरअसल, देहरादून की डीएम सोनिका सिंह के निर्देश पर मसूरी एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने मसूरी-देहरादून माल रोड, गांधी चौक, जीरो प्वाइंट कैंपटी रोड, जीरो प्वाइंट से हाथी पांव और दुधली रोड, हाथी पांव से जॉर्ज एवरेस्ट रूट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क किनारे मलबा मिलने, नालों की सफाई और झाड़ियों की कटाई न होने पर काटने पर फटकार भी लगाई.
एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि इससे पहले डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक कर निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करने का निर्देश दिया था. साथ ही सड़क किनारे बने पैराफिट व रेलिंग आदि को भी ठीक करने को कहा, लेकिन मौके पर निरीक्षण में संबंधित विभागों की लापरवाही सामने आई.
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सड़कों की मरम्मत और अन्य खामियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं. लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मसूरी में अवैध निर्माण को रोकने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है. जल्द ही सभी अवैध निर्माणों की पहचान की जाएगी। यदि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का समय सीमा के भीतर पालन नहीं किया जाता है, तो वह संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करेंगे।

