मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

टिहरी के जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव एक दिवसीय भ्रमण पर पर्यटन स्थल कैंपटी फॉल क्षेत्र मसूरी पहुंची थी . इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कैंपटी फॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गड़बड़ी दूर करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही जिलाधिकारी ने इस दौरान गढ़वाल मंडल विकास निगम की कैंटीन का भी जायजा लिया. जिसके बाद उन्होंने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को चेंजिंग रूम और शौचालय को साफ रखने के निर्देश दिए.

बता दें कि टिहरी के जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव कैंपटी फॉल क्षेत्र मसूरी का निरीक्षण करने पहुंची थी. इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत भटोली के अंतर्गत आने वाले चम्या फॉल का भी निरीक्षण किया. जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को जगह के सौंदर्यीकरण के साथ काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए.

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने पर्यटन ग्राम बंग्लों की कांडी में पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित अतिथि गृह का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने गेस्ट हाउस चलाने वाली महिला समूह की सदस्यों से बातचीत की और उनकी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इसका तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए.

जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि कैंपटी फॉल्स और आसपास के क्षेत्र में अतिक्रमण की पहचान कर ली गई है और पर्यटन सीजन खत्म होने के बाद कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि कैंपटी फॉल्स की प्रकृति को बचाने के लिए व्यापारियों और स्थानीय लोगों का सहयोग जरूरी है।

कैंपटी फॉल क्षेत्र के व्यापारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि कोरोना काल के बाद अब पर्यटन सीजन शुरू हो गया है, ऐसे में पूर्व में उन्हें आर्थिक रूप से काफी नुकसान हुआ है. इस संबंध में अब अतिक्रमण की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।