मसूरी , पहाड़ न्यूज टीम

केंद्र सरकार की टीम ने क्यारकुली भट्टा गांव का दौरा किया. इस दौरान टीम ने गांव में पेयजल योजना का जायजा लिया. साथ ही जल जीवन मिशन के तहत दिए गए पानी के कनेक्शनों का भी निरीक्षण किया. वहीं, योजना पर किए गए काम से टीम संतुष्ट नजर आई।

दरअसल, भारत सरकार के प्रतिनिधि जितेश व्यास वैज्ञानिक ‘बी’ सीडब्ल्यूपीआरएस पुणे के नेतृत्व में टीम ने क्यारकुली भट्टा गांव में जलाशयों, जलस्रोतों का निरीक्षण किया. ग्रामीणों से भी बातचीत की। इस दौरान टीम ने गांव में पानी की उपलब्धता के बारे में पूछा. जिस पर ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना बनने के बाद पानी की उपलब्धता काफी अच्छी है.

वहीं, ग्राम प्रधान कौशल्या रावत के आवास पर भी बैठक हुई. जिसमें ग्राम प्रधान ने गांव में वृक्षारोपण, जल संरक्षण कार्य एवं नवनिर्मित जल निकायों की विस्तृत जानकारी दी. टीम ने ग्रामीणों, विभागीय अधिकारियों एवं एक्सप्रेशन सोसायटी के प्रतिनिधियों से भी बातचीत कर योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी ली.

बता दें कि क्यारकुली भट्टा गांव मसूरी का वही गांव है, जिसके बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 2 अक्टूबर को ग्रामीणों से वर्चुअल संवाद किया था. पीएम मोदी ने जल जीवन मिशन के तहत ग्राम प्रधान कौशल्या रावत से जानकारी ली थी.

बातचीत में कौशल्या रावत ने पीएम मोदी से कहा कि क्यारकुली गांव में जल जीवन मिशन के तहत 101 घरों को पानी के कनेक्शन दिए गए हैं. गांव का पानी करीब 7 स्रोतों से आता है। सभी घरों में शुद्ध पानी की व्यवस्था की गई है। जल जीवन मिशन अभियान के पूरा होने के बाद पीएम मोदी ने लोगों से बातचीत की थी .