मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

पेयजल निगम द्वारा मालरोड पर पेयजल लाइन बिछाने के कार्य में लापरवाही की लगातार शिकायत के बाद मुख्य अभियंता गढ़वाल मंडल केके रस्तोगी ने माल रोड का निरीक्षण किया. निरीक्षण से पहले उन्होंने अध्यक्ष, मसूरी होटल एसोसिएशन और ट्रेड एसोसिएशन के साथ बैठक कर शिकायतों की जानकारी ली. बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने मुख्य अभियंता के समक्ष नाराजगी जताते हुए माल रोड पर काम जल्द से जल्द पूरा करने को कहा. जिस पर मुख्य अभियंता केके रस्तोगी ने आश्वासन दिया है कि होली से पहले माल रोड का काम पूरा कर लिया जाएगा।

मसूरी से लगातार मिल रही शिकायतों पर मुख्य अभियंता गढ़वाल मंडल केके रस्तोगी ने नगर अध्यक्ष अनुज गुप्ता, होटल एसोसिएशन व ट्रेड एसोसिएशन के साथ बैठक भी की. बैठक में नगर अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि पानी की लाइन बिछाई जाए लेकिन इसमें लापरवाही न हो और मालरोड का काम जल्द पूरा किया जाए और मलबा हटाया जाए ताकि सीजन प्रभावित न हो. उधर, ट्रेड यूनियन अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि लाइन खोदने से व्यापारियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. क्योंकि उनकी दुकानों में धूल होने से दुकान तक जाने का रास्ता नहीं है, ऐसे में होली के मौसम में काम बंद कर देना चाहिए और लगातार पानी का छिड़काव करना चाहिए. बैठक में मुख्य अभियंता केके रस्तोगी ने आश्वासन दिया है कि होली से पहले माल रोड का काम पूरा कर लिया जाएगा.

बैठक के बाद मुख्य अभियंता केके रस्तोगी ने अधिकारियों के साथ माल रोड पर पानी की लाइन बिछाने के लिए पेयजल निगम द्वारा की जा रही खुदाई का निरीक्षण किया. इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि दो दिन के अंदर माल रोड का काम पूरा कर लिया जाएगा और उसके बाद पूरी सड़क की सफाई की जाएगी और धूल से बचने के लिए लगातार पानी का छिड़काव किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि होली के दौरान सीजन को देखते हुए तीन दिनों तक माल रोड पर काम नहीं किया जाएगा, इस दौरान शहर के बाहरी इलाके में काम किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, वहीं कहा कि होली के तुरंत बाद अस्थाई मरम्मत की जाएगी और उसके बाद जब काम पूरा हो जाएगा तो अंतिम मरम्मत का काम किया जाएगा. इस लाइन की टेस्टिंग पर उन्होंने कहा कि बिछाये जा रही पाइप बहुत अच्छी कंपनी के हैं, जबकि उन्हें जोड़ने के लिए वेल्डिंग की जा रही है, इसलिए लाइन टूटने की संभावना बहुत कम है, यह समस्या कालर वाले पाइपों में अधिक होती है।