मसूरी ,PAHAAD NEWS TEAM

उप जिला अस्पताल में एएनएम (ऑग्जिलरी नर्स मिडवाइफरी) नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गर्भवती के साथ-साथ दुधमुंहे कराने वाले बच्चों के टीकाकरण में भी समस्याएँ हो रही हैं।

बता दें कि शहर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोग मसूरी उप जिला अस्पताल पर निर्भर हैं. एएनएम मसूरी उप जिला अस्पताल में 6 माह पूर्व सेवानिवृत्त हो चुकी है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक बुधवार को अस्थायी रूप से एएनएम की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन एएनएम पिछले 2 सप्ताह से लापता है. जिससे महिलाओं और बच्चों को टीकाकरण में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि मसूरी उप जिला अस्पताल में पैरामेडिकल स्टाफ के साथ कोई एएनएम नहीं है. जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने बताया कि मसूरी उप जिला अस्पताल में एएनएम नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते उन्होंने सीएमएस डॉ. यतेंद्र सिंह से मसूरी उप जिला अस्पताल में एएनएम की स्थायी नियुक्ति किए जाने की मांग की गई है।

साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को भी अवगत करा दिया है. उन्होंने कहा कि मसूरी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की हमेशा से प्राथमिकता रही है, जिसके लिए वह लगातार काम कर रहे हैं. मसूरी उप-जिला अस्पताल की कार्यवाहक सीएमएस डॉ मीता श्रीवास्तव ने कहा कि एएनएम 6 महीने पहले सेवानिवृत्त हो गई थी, जिसके बाद अस्पताल में एएनएम की स्थायी नियुक्ति नहीं हुई है.

उन्होंने कहा कि एएनएम की स्थायी नियुक्ति के संबंध में उनके द्वारा कई बार अधिकारियों से पूछा जा चुका है, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ. वहीं, अस्पताल में डिलीवरी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर खोलना जरूरी है, इसको लेकर भी अधिकारियों की ओर से लगातार मांग की जा रही है.