मसूरी , पहाड़ न्यूज टीम

पहाड़ों की रानी मसूरी में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ जल्द ही प्रशासन की लाठी चलने वाली है. मसूरी एसडीएम नरेश दुर्गापाल के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, नगर प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों ने सड़क किनारे से अतिक्रमण को चिह्नित किया. जिनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, मसूरी एसडीएम नरेश दुर्गापाल के नेतृत्व में अधिकारियों ने मसूरी बटाघाट, मसूरी टिहरी बस स्टैंड, मसूरी बड़ा मोड, मसूरी किक्रेंग, मसूरी मॉडर्न स्कूल, मसूरी हरनाम सिंह मार्ग, मसूरी वाल्मीकि मंदिर, मसूरी जीरो प्वाइंट तक सड़क किनारे अतिक्रमण की पहचान की । एसडीएम नरेश दुर्गापाल ने बताया कि मसूरी में अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर निरीक्षण कर सड़क किनारे अतिक्रमण की पहचान की गयी है. वहीं, अतिक्रमणकारियों को जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने को कहा गया है.

उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण वाहनों की आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है. साथ ही हादसे भी हो रहे हैं। एसडीएम दुर्गापाल ने बताया कि सड़क किनारे स्थायी व अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है. अब अतिक्रमणकारियों को खुद ही अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया गया है। इसके बाद जल्द ही अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।