मसूरी, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में जंगल आग से धुएं में जल रहे है. उत्तराखंड वन विभाग जंगल की आग बुझाने में बेबस नजर आ रहा है। वहीं मसूरी टिहरी बाईपास रोड पर वुडस्टॉक स्कूल के पास देर रात जंगल में भीषण आग लग गई. अमूल्य वन संपदा आग से जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही मसूरी वन विभाग और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. वहीं, आग बुझाने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि देर रात मसूरी टिहरी रोड वुडस्टॉक स्कूल के पास जंगल में अचानक आग लग गई. तेज हवा के कारण झाड़ियों में आग लग गई और यह अन्य स्थानों में भी फैल गई। उन्होंने बताया कि वन विभाग, दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया. उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अगर कोई जंगल में आग लगाता हुआ पाया जाता है तो तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दें. वहीं लोगों से बीड़ी-सिगरेट न पीने और सड़क किनारे झाड़ियों में ना डालने की अपील की गई है.
बता दें कि उत्तराखंड के जंगलों में आग की घटनाओं को देखते हुए क्रू स्टेशन बनाए गए हैं, जिनमें दमकल कर्मियों को तैनात किया गया है. अब वन रक्षकों को भी तैनात करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी सरकार से मांग कर रहे हैं कि वायु सेना के हेलीकॉप्टर से पानी का छिड़काव किया जाए. दूसरी ओर वन मंत्री यह कहकर टालने की बात कह रहे हैं कि हेलीकॉप्टर से आग और बढ़ेगी.

