मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विभिन्न संगठनों महादलित परिसंघ, देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ, व्यापार संघ, होटल एसोसिएशन, देवप्रयाग कीर्ति नगर कल्याण समिति, होटल रेस्टोरेंट कर्मचारी संघ, मजदूर संघ, राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रतिनिधियों सहित भाजपा मसूरी मंडल ने टॉउन हॉल के सभागर में पुष्पवर्षा कर स्वागत किया । इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में लगातार दूसरी बार भाजपा को पूर्ण समर्थन देने के लिए मसूरी की जनता के साथ-साथ प्रदेश की जनता का भी आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक नई कार्य संस्कृति और कार्य व्यवहार आया है और राज्य सरकार राज्य के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है.

मसूरी की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जाएगा

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जाएगा. मसूरी में ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि मसूरी के लोगों को विभिन्न प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कहीं नहीं जाना पड़े। जल्द ही शिफनकोट के लोगों के घर बनेंगे। मसूरी के राज्य आंदोलनकारी सुभाषिनी बर्त्वाल के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी. उन्होंने कहा कि जल्द ही आंदोलनकारियों की पहचान करने और 10 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मसूरी में गढ़वाल सभा भवन के निर्माण के लिए पूर्व में डेढ़ करोड़ की राशि स्वीकृत की जा चुकी है, जिसका शासनादेश जारी कर दिया गया है, इसके निर्माण का कार्य भी किया जायेगा. उन्होंने कहा कि जल्द ही मसूरी में टाइम सेटलमेंट, व प्रमाण पत्र बनाने के लिए उप तहसील बनाने की होगी. भिलाडू स्टेडियम के निर्माण पर भी कार्रवाई की जाएगी।

आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप बनेगा राज्य

राज्य के आंदोलनकारियों को याद करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड बनाने के लिए कटिबद्ध है. राज्य में नई सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में उत्तराखंड के सभी लोगों के लिए एक कॉमन लॉ के लिए कमेटी बनाने की कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है. जल्द ही विशेषज्ञों की कमेटी बनाकर मसौदा तैयार किया जाएगा।

जनता से किए सभी वादे पूरे होंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने लोगों से जो भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा. पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन किया गया है। सरकार ने पति-पत्नी दोनों को वृद्धावस्था पेंशन देने का फैसला किया है और इसकी राशि भी बढ़ा दी गई है. राज्य में गरीब परिवारों को तीन गैस सिलेंडर नि:शुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए बजट प्रावधान किया गया है।

उत्तराखंड से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष लगाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में कई विकास कार्य हो रहे हैं। केंद्र सरकार की मदद से राज्य में हवाई, रेल, सड़क संपर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। भव्य एवं दिव्य केदारपुरी का निर्माण किया गया है। श्री बद्रीनाथ में विभिन्न कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 250 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन पर काम तेजी से चल रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में एम्स ऋषिकेश में कई स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भट्टा क्यारकुली की ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में आकर ग्राम प्रधान कौशल्या रावत के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर स्वरोजगार के तहत बने बुरांस का जूस प्राकृतिक रंग भेंट किए. मुख्यमंत्री ने क्यारकुली की ग्रामीण महिलाओं की सराहना की ।

इस दौरान नगर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक पुंडीर, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा पडियार, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष मनोज खरोला, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष शाहिद खान, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित पंवार एंव अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे ।