मसूरी, पहाड़ न्यूज टीम
मसूरी के सबसे पुराने बाजार लंढौर के केंद्रीकरण को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में व्यवसायी अशोक कुमार व लंढौर बाजार के व्यापारी मौजूद थे. इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि यदि लंढौर बाजार के व्यापारियों का सहयोग मिलता है तो नगर पालिका द्वारा इस सबसे पुराने बाजार को उसके पुराने स्वरूप में लाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा और अगले एक से डेढ़ साल में लंढौर के बाजार में पूरी तरह से बदलाव देखने को मिलेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने नगर सभागार में लंढौर के व्यापारियों और निवेशकों के साथ बैठक कर लंढौर बाजार के विकास पर चर्चा की. इस मौके पर व्यापारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष को कई सुझाव भी दिए। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका द्वारा लंढौर चौक के समीप एक करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वह लंढौर बाजार के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह उनके चुनावी घोषणा पत्र का एक प्रमुख हिस्सा है, जिसके लिए वह पूरी कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए इंजीनियरों के साथ ठोस योजना बनाई जाएगी ताकि इस बाजार को फिर से चालू किया जा सके। उन्होंने कहा कि सबसे पहले लंढौर चौक का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिसके तहत बाजार से बिजली लाइनों व अन्य केबलों को अंडरग्राउंड कराने की दिशा में काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अब तक कोई बड़ा निवेशक लंढौर बाजार में निवेश करने के लिए आगे नहीं आता था, लेकिन अब व्यवसायी अशोक कुमार ने लंढौर बाजार में निवेश करने का साहस किया है. एक निवेशक के रूप में उन्होंने लंढौर बाजार के सौंदर्यीकरण के संबंध में सहयोग का आश्वासन दिया है कि वह इस बाजार के विकास के लिए हर संभव मदद करेंगे। इसके लिए नगर पालिका के साथ व्यापक योजना बनाकर काम किया जाएगा।
इस अवसर पर लंढौर बाजार के व्यवसायी पंकज अग्रवाल ने कहा कि लंढौर बाजार के व्यापारी बाजार के विकास के लिए नगर पालिका को हर संभव सहयोग देने को तैयार हैं. उन्होंने कहा कि लंढौर बाजार के सौंदर्यीकरण के लिए नगर पालिका द्वारा जो भी प्रयास किया जाएगा, उसमें हर संभव सहयोग किया जाएगा।
बैठक में सभासद नंद लाल सोनकर, जसोदा शर्मा, आरती अग्रवाल, मनीषा खरोला, रवि गोयल, उपेंद्र पंवार,मनोज अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, आशीष शर्मा, सुधांशु रावत, सन्नी मित्तल, राजकुमार, त्रिलोचन सिंह, विरेंद्र रावत आदि मौजूद थे .

