मसूरी , पहाड़ न्यूज टीम

माल रोड पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा हवाघर, बेंच, स्ट्रीट लाइट, एंटीक पोल व सड़क की कार्पेटिंग आदि का सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है, जिसका निरीक्षण प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बीके संत ने किया और विभाग के अधिकारियों को माल रोड के सौन्दर्यीकरण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

माल रोड पर पैदल चलकर एमडीडीए के वीसी बृजेश कुमार संत ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया और उसके बाद शहीद स्थल पर झूलाघर में बन रहे हवाघर और शहीद स्थल पर किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया. इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. बीके संत ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से मसूरी बहुत महत्वपूर्ण शहर है और इसके सौंदर्यीकरण के लिए देहरादून विकास प्राधिकरण लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि मसूरी की सुंदरता को बनाए रखने के लिए कई योजनाएं बनाई गई हैं। मसूरी के नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने पर उन्होंने कहा कि मसूरी में नोटिफाइड डी-नोटिफाइड क्षेत्र को शामिल करने के कारण प्राधिकरण के मानदंड पूरे नहीं हो रहे हैं. लेकिन मसूरी के आम लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिले इसके लिए जल्द ही सरकार के स्तर पर एक प्रस्ताव भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि मसूरी में आवासीय भवनों के नक्शे पास करने के बाद उनमें होटलों का संचालन किया जा रहा है, इसकी लगातार शिकायतें मिल रही हैं. ऐसे सभी निर्माणों के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।