मसूरी , पहाड़ न्यूज टीम
नगर पालिका मसूरी द्वारा बार्लोगंज हेल्थ केयर सेंटर जनता को समर्पित किया गया है. रविवार को नगर अध्यक्ष की मौजूदगी में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुनील सेनन ने मुख्य अतिथि के रूप में इस स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इससे बार्लोगंज क्षेत्र के लोगों सहित शहरवासियों को लाभ होगा. इसके साथ ही जन औषधि केंद्र से सेंटर में जनता को सस्ती दवाएं भी उपलब्ध होंगी। हेल्थ केयर सेंटर का संचालन वरिष्ठ नागरिक समिति और नगर पालिका द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।
बार्लोगंज हेल्थ केयर सेंटर के उद्घाटन पर डॉ. सुनील सेनन ने कहा कि पहले बार्लोगंज सहित मसूरी में स्वास्थ्य और शिक्षा की देखभाल केवल नगरपालिका करती थी, लेकिन बाद में इसका विभागों में विलय हो गया. जिसके बाद जनता को इन सेवाओं का लाभ नहीं मिल सका। हालाँकि, डॉ आरएस बिष्ट ने बार्लोगंज में वर्षों तक सेवा की। अब इसके खुलने से क्षेत्र के लोगों को फायदा होगा।
इस मौके पर वरिष्ठ नागरिक समिति के सचिव एनके साहनी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समिति लगातार शहर में जन औषधि केंद्र खोल रही है, इससे पहले सिविल अस्पताल और सरकारी सेंटमेंरी अस्पताल में खोले जा चुके हैं. वहीं एक किताबघर शॉप और कुलडी में फीजियोथेरेपी सेंटर खोला गया है और बार्लोगंज में भी खोला जाएगा. कार्यक्रम को वरिष्ठ नागरिक समिति के अध्यक्ष एएस खुल्लर ने भी संबोधित किया। दीपक ने कार्यक्रम का संचालन किया और क्षेत्रीय पार्षद सरिता कोहली ने सभी का धन्यवाद किया।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि पहले यहां नगर पालिका की एक डिस्पेंसरी हुआ करती थी, जो सालों से बंद पड़ी है. बार्लोगंज क्षेत्र के लोग लगातार इस डिस्पेंसरी को खोलने की मांग कर रहे हैं. क्योंकि आपात स्थिति में या छोटी और बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए बार्लोगंज झड़ीपानी और आसपास के लोगों को मसूरी या देहरादून जाना पड़ता था. इसे देखते हुए उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर यहां स्वास्थ्य देखभाल केंद्र का पुनर्निर्माण करवाया ताकि बार्लोगंज और आसपास के क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल सके. बार्लोगंज स्वास्थ्य कल्याण केंद्र का संचालन नगर पालिका द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामान्य ओपीडी सहित रक्त जांच के लिए पैथोलॉजी लैब की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके साथ ही केंद्र में जन औषधि केंद्र, जिम, योग केंद्र और ध्यान केंद्र सहित बच्चों के लिए पार्क की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ होगा. उन्होंने कहा कि डॉ स्नेहा पंवार इस अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी बनी रहेंगी. इसके साथ ही दंत चिकित्सक डॉ. शिल्पी रावत अपना सहयोग देंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के संचालन में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी, इसके लिए वह व्यक्तिगत रूप से नगर पालिका के साथ-साथ अपने स्रोतों से भी सहयोग करते रहेंगे.
इसके साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि जनता के पैसे का अब नाले खालो में बहाने के बजाय जनता के कामो में सदुपयोग किया जा रहा है . यही कारण है कि नगर पालिका का विशेष ध्यान स्वास्थ्य, सफाई, पार्किंग, केंद्रीकरण, जरूरतमंदों के लिए आवास आदि पर है और इस दिशा में वे और उनका पूरा बोर्ड प्रयासरत है।
इस मौके पर नगर पार्षद सुरेश थपलियाल, जीएस मनचंदा, जीके गुप्ता, केके बैरी, सुरेंद्र लाल, क्रिस्टो, सभसाद मदन मोहन शर्मा, जय कुमार गुप्ता, संदीप साहनी, स्मृति हरि, धीरज भाटिया, बलवंत रावत, रफीक अहमद, महिमा नंद, पूरण जुयाल, राम प्रसाद कवि सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

