मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
रमजान के पवित्र महीने को लेकर उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में इफ्तार के कार्यक्रम चल रहे हैं. इसी कड़ी में मसूरी के अंडा खेत में भाजपा अल्पसंख्यक मंडल अध्यक्ष शाहीद मंसूर के नेतृत्व में अंडाखेत के मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक दलों की ओर से रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया. कार्यक्रम में सभी धर्मों के लोगों ने एकजुट होकर इफ्तार किया और सर्वधर्म संभव का संदेश दिया.
यहां मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल शामिल हुए। भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि हमारे देश में सभी धर्मों के लोग एक साथ सभी त्योहारों में खुशियां बांटते हैं, इस तरह हमें साल भर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिलता है. उन्होंने कहा कि मसूरी में सभी धर्म के लोग एक दूसरे को भाईचारे का संदेश देकर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व देश का माहौल खराब करने के लिए भाईचारा बिगाड़ना चाहते हैं. लेकिन हम सब एक हैं, उन्होंने बताया कि रमजान का पवित्र त्योहार अपने आप में कई अहम पहलुओं के लिए जाना जाता है. लेकिन एक विशेषता यह भी है जो हम सभी को एक दूसरे के करीब लाती है।
मसूरी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष शाहिद मंसूर ने कहा कि रोजा इफ्तार ही नहीं, हमें हर त्योहार को एक साथ इसी तरह से मनाते रहना चाहिए और आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखना चाहिए, ताकि कोई भी धर्म के नाम पर अपनी राजनीतिक दुकान न चलाए। उन्होंने कहा कि राम के बिना रमजान नहीं है और अली के बिना दीपावली नहीं है, तो जब दो धर्मों को एक माला में पिरोया जाता है तो प्रकृति कैसे अलग हो सकती है। उन्होंने कहा कि मसूरी शहर ऐसा है जहां सभी धर्मों के लोग हर दुख-सुख में एक-दूसरे के साथ खड़े होकर भाईचारे का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, महामंत्री कुशाल राणा, मुकेश धनाई, सतीश ढौंडियाल, सभासद अरविंद सेमवाल, मसूरी व्यापार मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, जगजीत कुकरेजा, नागेंद्र उनियाल, तनमीत खालसा, नासिर खान आदि अन्य लोग उपस्थित थे।

