मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
पर्यटन सीजन और चार धाम यात्रा के मद्देनजर यातायात नियंत्रण को लेकर एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने नगर परिषद मसूरी के सभागार में बैठक की, जिसमें मसूरी होटल एसोसिएशन, टैक्सी कार एसोसिएशन, मजदूर संघ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. बैठक में शहर में जाम से निजात दिलाने पर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक मॉल रोड को जीरो जोन घोषित किया जाएगा।
बैठक में चार धाम यात्रा के दौरान आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए भी निर्णय लिए गए. जिसमें चार धाम जाने वाले वाहनों को वाया विकास नगर से यमुना पुल होते हुए जाने व मसूरी से जाने वाले वाहनों को कैम्पटी फाल से यमुना पुल होते हुए विकास नगर से वापस जाने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों की ओर से सुझाव भी दिए गए, साथ ही मसूरी टैक्सी एसोसिएशन ने भी पर्यटन सीजन में पूरा सहयोग करने की बात कही. वहीं, माल रोड पर रिक्शा चालकों को नियमों का पालन करने को कहा ताकि पर्यटकों को कोई परेशानी न हो.
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान हजारों पर्यटक मसूरी आते हैं जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे निजात पाने के लिए आज एक बैठक का आयोजन किया गया है, जिसमें यह निर्णय लिया गया है कि पर्यटकों के वाहन किंक्रेग स्थित कार l पार्किंग में खड़े किए जाएंगे और वहां से उन्हें टैक्सी से मसूरी लाया जाएगा। इसका न्यूनतम किराया तय किया गया है। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि प्रतिबंधित समय के दौरान माल रोड पर किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही नहीं होने दी जाएगी, जिस पर पुलिस लगातार नजर रखेगी. उन्होंने कहा कि पुलिस को मसूरी की कई सड़कों पर एकतरफा यातायात व्यवस्था सुचारू करने के भी निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी में अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सप्ताहांत में वर्तमान में की जा रही व्यवस्थाओं में बदलाव किया जाएगा और देहरादून से स्कूटियों के आने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा. पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष अनुज गुप्ता, एसपी सिटी, सरिता डोभाल, सीओ पल्लवी त्यागी, एसपी यातायात, एसडीएम मसूरी नरेश दुर्गापाल, होटल एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष संदीप साहनी, मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, व्यापार संघ के अध्यक्ष व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, टैक्सी एसोएिशन के अध्यक्ष हुकम रावत, महासचिव सुंदर सिंह पंवार, मजदूर संघ अध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान, निधि बहुगुणा, कोतवाल गिरीश चंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे.

