मसूरी , पहाड़ न्यूज टीम

मसूरी गांधी चौक से मसूरी मॉडर्न स्कूल तक सड़क की हालत बद से बदतर होती जा रही है, सड़क में गड्ढे हो या गड्ढे में सड़क हो, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. सड़क पर गड्ढों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, कई वाहन अनियंत्रित हो गए हैं जिससे कई लोग घायल हो गए हैं, लेकिन न तो स्थानीय प्रशासन और न ही लोक निर्माण विभाग और मसूरी नगर पालिका के अधिकारी इस ओर देखने को तैयार है कि सड़क से जुड़े विभागों के अधिकारियों के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है.

स्थानीय निवासी आदित्य ने बताया कि हाल ही में जल निगम द्वारा मसूरी यमुना पेयजल योजना के तहत एक ठेकेदार के माध्यम से पेयजल लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई थी. लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत भी कराई गई, लेकिन सड़क निर्माण में काम की गुणवत्ता खराब होने से एक ही बारिश में सड़क की हालत खराब हो गई है. वही सड़क किनारे नालियां मलबा जमा होने से बंद हो जाती हैं, जिससे बरसात के दिनों में बारिश का पानी नाले की जगह गलियों में बहकर लोगों की दुकानों और घरों में घुस जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है । उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार स्थानीय प्रशासन व नगर पालिका से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है, जिससे लोगों में काफी आक्रोश है.

एसडीएम मसूरी नरेश दुर्गापाल द्वारा बताया गया कि हाल में आयोजित हुई बैठक में मसूरी मॉडर्न स्कूल जाने वाली सडक की हालत को लेकर अधिकारियों को तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए गए थे साथ ही नाले में भरे मलबा को हटाने के निर्देश दिए. और जल्द ही सड़क निर्माण के साथ ही नालियों से मलबा हटा दिया जाएगा।