मसूरी, PAHAAD NEWS TEAM
द कश्मीर फाइल्स फिल्म रिलीज होने के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। सिनेमाघरों में लंबी-लंबी कतारें हैं और फिल्म कमाल का प्रदर्शन कर रही है. फिल्म की शूटिंग मसूरी में हुई थी, जिसमें मसूरी के कई स्थानीय कलाकारों को अभिनय करने का मौका दिया गया था। फिल्म की रिलीज के साथ ही फिल्म में अभिनय करने वाले मसूरी के स्थानीय कलाकार भी काफी उत्साहित हैं.
कश्मीरी पंडितों पर हो रहे अत्याचार पर बनी फिल्म द कश्मीर फाइल्स को भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में सराहा जा रहा है और इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है. फिल्म की शूटिंग मसूरी के कई इलाकों में की गई है। लाइब्रेरी चौक को कश्मीर के लाल चौक के रूप में दर्शाया गया है जिसमें अनुपम खेर और मिथुन चक्रवर्ती के कई दृश्य फिल्माए गए थे। इस फिल्म में अनुपम खेर के डुप्लीकेट का रोल प्ले करने वाले मसूरी के विजय मोहन गोयल का कहना है कि उन्होंने कश्मीर फाइल में अनुपम खेर के डुप्लीकेट का रोल प्ले किया है. उन्होंने कहा कि वह अनुपम खेर से मिलने के लिए बहुत उत्साहित हैं और अनुपम खेर ने उनके प्रदर्शन की सराहना की है। फिल्म में एक आतंकवादी की भूमिका निभाने वाले विभु टम्टा का कहना है कि इस फिल्म में उनका किरदार बहुत शानदार है और फिल्म के निर्देशक ने उन्हें अभिनय के दौरान बहुत कुछ सिखाया। इसमें मसूरी के कई कलाकारों को शामिल किया गया है। फिल्म को जिस तरह से सराहा जा रहा है, उससे वह काफी उत्साहित हैं।
मनोज टम्टा ने बताया कि उन्होंने इस फिल्म में बतौर कोऑर्डिनेटर काम किया है और स्थानीय लोगों को फिल्म में अभिनय करने का मौका मिला है. उन्होंने कहा कि मसूरी के लोगों के लिए यह गर्व की बात है कि यहां के वादियों को द कश्मीर फाइल में दिखाया गया है। मसूरी के एक कलाकार देवेंद्र उनियाल ने बताया कि उन्हें इस फिल्म में एक छोटा सा अभिनय करने का भी मौका मिला और उन्होंने मसूरी के पांच सितारा होटल जेपी में शूटिंग के दौरान अभिनय किया। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग दिसंबर 2020 के महीने में 12 दिसंबर से 24 दिसंबर तक हुई थी। बता दें कि फिल्म के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स को दर्शकों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।

