मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
पर्यटन नगरी में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद पर्यटन व्यवसाय काफी प्रभावित हुआ है और होटलों में आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट आई है, जिससे पर्यटन से जुड़े लोगों की रोजी-रोटी में भी कमी आई है. होटल व्यवसाय प्रभावित हुआ है।
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद अचानक पर्यटन व्यवसाय पर असर पड़ा है और इन दिनों पर्यटक कम ही आ रहे हैं, जबकि जनवरी की शुरुआत में पर्यटकों की संख्या अन्य वर्षों की तुलना में काफी अधिक थी। खुद होटल समेत पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबार करने वालों ने बताया कि इस बार सर्दी के सीजन में भी पर्यटकों का आना जारी रहा, जिससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का कारोबार चलता रहा. आमतौर पर जाड़े के दिनों में पर्यटकों के न आने के कारण अधिकांश प्रतिष्ठान बंद हो जाते थे या स्टाफ कम कर दिया जाता था। लोगों का कहना है कि चुनाव की घोषणा के बाद पर्यटक घूमने नहीं आते हैं क्योंकि उनके मन में कहीं न कहीं यह संशय रहता है कि चुनाव के दौरान कई तरह की गड़बड़ी होती है, जिससे पर्यटक कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते. क्योंकि मैदानी इलाकों में चुनाव के दौरान अपराध बढ़ जाते हैं, हालांकि पहाड़ी इलाकों में ऐसा नहीं होता है, लेकिन लोगों के दिलों में डर बना रहता है, जिसके कारण वे चुनाव के दौरान चलने के कार्यक्रमों को टाल देते हैं, इसीलिए इन दिनों मालरोड पर इक्का दुक्का पर्यटक ही नजर आ रहा है । होटल खाली पड़े हैं और पर्यटन व्यवसाय करने वाले व्यवसायी खाली बैठे नजर आ रहे हैं। मालूम हो कि इन दिनों देश के पांच राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, जिससे पर्यटक भी बाहर नहीं जा पा रहे हैं.

