आज देश भर में राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जा रहा है। हर साल 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने की शुरुआत साल 2009 में महिला बाल विकास मंत्रालय ने की थी। वहीँ 24 जनवरी का दिन इसलिए चुना गया क्योंकि इसी दिन साल 1966 में इंदिरा गांधी ने भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। भारत में लड़कियों की साक्षरता दर, उनके साथ भेदभाव, कन्या भ्रूण हत्या एक बड़ा मसला है। वहीँ कन्या भ्रूण हत्या के मामलों की वजह से लड़कों की तुलना में लड़कियों की संख्या कम है। एक सर्वे के अनुसार, भारत में 42 फीसदी लड़कियों को दिन में एक घंटे से कम समय मोबाइल फोन इस्तेमाल की इजाजत दी जाती है। लेकिन आज राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सरकार के महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित समारोह में 159 मेधावी छात्राओं को स्मार्ट फोन दिया जायेगा। देहरादून के आईआरडीटी ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री रेखा आर्य उत्तराखंड बोर्ड की मेधावी छात्राओं को स्मार्ट फोन देंगी। इसके अतिरिक्त हरिद्वार की सृष्टि गोस्वामी एक दिन की बाल मुख्यमंत्री बनेंगी। साथ ही सृष्टि विधान सभा में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेंगी। वहीँ विभागों के प्रजेंटेशन के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। जिन्हें इसके लिए अधिक से अधिक पांच मिनट का समय दिया जाएगा। इसके बाद बाल मुख्यमंत्री बालिका निकेतन केदारपुरम में जाएंगी। वहां वह दोपहर का भोजन करेंगी। इससे पहले सृष्टि सुबह ही सरकारी वाहन से अपने घर से रवाना हुयी।