नई दिल्ली : कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से गुलाम नबी आजाद ने इस्तीफा दे दिया है. गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पांच पन्नों का इस्तीफा भेजा है। जानकारी के मुताबिक आजाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को लगातार दरकिनार किया जा रहा है.
उन्होंने सोनिया गांधी को लिखे अपने त्याग पत्र में लिखा है कि बड़े अफसोस और भावुक हृदय से मैंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से अपना आधा सदी पुराना नाता तोड़ने का फैसला किया है. आजाद ने कहा, भारत जोड़ो यात्रा की जगह कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकाली जाए।


बता दें, गुलाम नबी आजाद को कांग्रेस का बड़ा चेहरा माना जाता रहा है. इससे पहले वे राज्यसभा में विपक्ष के नेता रह चुके हैं। गुलाम नबी आजाद लंबे समय से कांग्रेस से नाराज थे। वह नाराज कांग्रेसी नेताओं के जी-23 गुट में भी शामिल थे। जी-23 गुट लगातार कांग्रेस में कई बदलाव की मांग करता रहा है। इससे पहले कांग्रेस के एक अन्य वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। सपा ने उन्हें राज्यसभा भी भेजा है।


गुलाम नबी आजाद की नाराजगी तब सामने आई जब उन्होंने प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के कुछ घंटे बाद ही पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में उनके बारे में तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे थे।


