श्रीनगर, PAHAAD NEWS TEAM
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मंत्री पद मिलने के बाद पहली बार अपनी विधानसभा सीट श्रीनगर पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा का स्थापना दिवस मनाया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश की सेवा के लिए बीजेपी का हर कार्यकर्ता सबसे आगे है. अब पार्टी का पहला काम जनसेवा है.
स्थापना दिवस मनाने के बाद डॉ. धन सिंह रावत श्रीनगर में हो रहे विकास कार्यों को देखने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी काम समय पर करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही धन सिंह रावत ने सभी विभागों से जुड़े अधिकारियों की समीक्षा बैठक की. बैठक में मंत्री ने मोल्खाखाल-टीला सड़क उखड़ने को लेकर अपनी नाराजगी जताई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर जमकर बरसे. उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं. साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
समीक्षा बैठक के बाद धन सिंह रावत ने कहा कि सभी विभागों को एक साल के विकास कार्यों का लक्ष्य दिया गया है. उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा सीट पर एक साल में कई काम करने हैं। इस संबंध में उन्होंने विभिन्न कार्यों की योजनाओं का खाका मांगा है.
उन्होंने कहा कि श्रीनगर के लोग पानी के भारी बिल से परेशान हैं. इसलिए अब श्रीनगर के लोगों को 20 हजार लीटर पानी मुफ्त दिया जाएगा. साथ में श्रीनगर पर्वतीय क्षेत्र का पहला शहर होगा, जहां गैस पाइपलाइन के जरिए गैस का वितरण किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने पेट्रोलियम राज्य मंत्री से भी बात की है। उन्होंने इस योजना को हरी झंडी दे दी है।

