मसूरी : मेरठ के तलवार दंपति ने मसूरी से लेकर दिल्ली जंतर मंतर तक जनसंख्या नियंत्रण का अभियान शुरू कर दिया है. तलवार दंपति के इस अभियान की शुरुआत मसूरी के लाइब्रेरी चौक से हुई है. तलवार दंपति के इस अभियान को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जनसंख्या नियंत्रण पर काम कर रही है और मेरठ के तलवार दंपति पूरे देश में जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूकता फैला रहे हैं.

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इसके लिए तलवार दंपति लगातार देश के राजनीतिक दलों से मिल कर अपने अभियान की जानकारी देने की कोशिश कर रहे हैं. उनके अभियान को राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिल रहा है. प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपने के बाद तलवार दंपत्तियों ने जन जागरण अभियान शुरू किया है.

तलवार दंपति उल्टा चलते है: कभी पति (दिनेश) उल्टा चलता है, पत्नी (दिशा) रास्ता दिखाती है। पत्नी जब पीछे चलती है तो पति राह दिखाता है। पिछले 28 सालों से तलवार दंपत्ति लोगों से बढ़ती आबादी के खिलाफ आवाज उठाने की अपील कर रहे हैं।

दिनेश और दिशा तलवार का कहना है कि जनसंख्या की समस्या को हमेशा धर्म के चश्मे से देखा जाता था, जबकि यह देश की प्रमुख समस्या है. अगर सरकार इसके समाधान के लिए आगे नहीं आई तो आने वाले समय में देशवासियों को बहुत गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा। आपको बता दें, तलवार दंपति ने जनसंख्या नियंत्रण के विषय पर प्रधानमंत्री को कई पत्र लिखे हैं। तलवार दंपत्ति 300 से अधिक शहरों में पैदल चल चुके हैं।