देहरादून : उत्तराखंड में सियासी उठापटक के बीच अब प्रशासनिक अफसरों के तबादलों को दौर भी शुरू हो गया है। सोमवार देर रात सीएम पुष्कर धामी की मंजूरी के बाद सचिव कार्मिक अरविंद सिंह ह्यांकी ने करीब 24 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए। अब तबादलों के बाद अधिकारियों द्वारा अपना कार्यभार ग्रहण करने का काम आज से ही तत्काल शुरू कर दिया गया है। वहीं इसी तर्ज पर राजधानी देहरादून के नए जिलाधिकारी के रूप में राजेश कुमार ने आज अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।

जानिए आईएएस राजेश कुमार के बारे में
राजेश कुमार 2007 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। आर राजेश कुमार मूल रूप से तमिलनाडु के निवासी हैं। इनकी प्रारंभिक शिक्षा दक्षिण भारत में ही अलग-अलग जगहों पर हुई। जिसके बाद आर राजेश कुमार ने चेन्नई के एक विश्वविद्यालय से विज्ञान विषय से स्तानक और इसके बाद स्नातकोत्तर की परीक्षा पास की। इसके बाद आर राजेश कुमार ने सिविल सर्विस की तैयारी शुरू कर दी। जिसके बाद 2007 में उनका चयन सिविल सर्विसेज के लिए हुआ। जिसके बाद आर राजेश कुमार ने उत्तराखंड कैडर को सलेक्ट किया। इससे पहले राजेश कुमार ने उत्तराखंड के दूरस्थ जिले उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में भी बतौर जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दी। और आज उन्होंने राजधानी दून के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।

नये जिलाधिकारी ने कही ये बात
मीडिया से रूबरू होने के दौरान नवागत जिलाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा निर्देशानुसार बेरोजगार को रोजगार प्रदान करने सहित जनता के काम समय से करना ही उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के भी बेहतरीन इंतजाम कराना उनकी कार्य पत्रिका में शामिल होगा।