टिहरी : डीएम की फर्जी आईडी बनाकर व्हाट्सएप पर गिफ्ट मांगने का मामला सामने आया है. जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर अमित राय से टिहरी के डीएम डॉ सौरभ गहरवार की फर्जी आईडी व फोटो लगाकर गिफ्ट की मांग की गई. मामले को गंभीरता से लेते हुए टिहरी एसएसपी ने एसओजी को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं.
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर अमित राय के साथ ही अन्य अधिकारियों को भी इस तरह के फर्जी मैसेज मिले हैं. जिसे लेकर जिलाधिकारी ने सभी से सावधान रहने की अपील की है. जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ अमित राय ने बताया कि उन्हें वाट्सएप पर एक मैसेज आया है. उस नंबर की डीपी में टिहरी के डीएम डॉ सौरभ गहरवार की फोटो थी. उनका नाम भी लिखा था। उन्होंने बताया कि फर्जी आईडी बनाने वाला कभी डीपी और एसएसपी तो कभी पिथौरागढ़ के डीएम का नाम लिखकर लोगों को फंसाने का काम कर रहा है.
इस मामले में टिहरी डीएम डॉ सौरभ गहरवार ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को सूचित किया. साथ ही उक्त नंबर का पता लगाने को कहा। टिहरी एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि डीएम का फोटो लगाकर गिफ्ट मांगने के मामले में उक्त नंबर पर कॉल किया जा रहा है तो वहीं बंद हो रहा है. इस मामले में एसओजी को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

