टिहरी गढ़वाल : विकासखंड नरेंद्रनगर के स्थान पर रा.ई.का. रणाकोट, ग्राम पंचायत रणाकोट में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन कल को किया जायेगा.

मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 11 बजे से जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जायेगा. शिविर में भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता को देने तथा उनकी समस्याओं/शिकायतों के त्वरित निवारण की कार्रवाई की जायेगी. साथ ही स्वास्थ्य शिविर लगाकर स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण एवं विकलांग प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जायेगी.

तहसील नरेंद्रनगर द्वारा विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। अग्रणी बैंक प्रबंधक एवं जिला विकास प्रबंधक (नाबार्ड) टिहरी गढ़वाल द्वारा ग्रामीणों को बैंकिंग संबंधी योजनाओं एवं वित्तीय समावेशन के संबंध में जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी तथा स्टाल लगाया जायेगा.

जिले के सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य सभी विभागों के प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय स्टॉल लगाकर बहुउद्देशीय शिविर में भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं.